Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

छत्तीसगढ़

RSS के चहेते और छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े आदिवासी चेहरे, जानें कौन हैं नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Published

on

RSS favorite and biggest tribal face of Chhattisgarh Vishnu Deo Sai

Loading

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद राज्य में मुख्यमंत्री के लिए जारी मंथन रविवार को थम गया। पार्टी ने विष्णुदेव साय को कमान सौंप दी है। साय कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं।

संघ के करीबी नेता संभाल चुके हैं प्रदेश अध्यक्ष की कमान

आदिवासी समाज से आने वाले विष्णुदेव साय को भाजपा ने साल 2020 में प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो बार प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें संगठन में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है। साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में भी होती है।

वह पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। साल 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। मालूम हो कि राज्य में अजित जोगी के बाद कोई भी दूसरा आदिवासी समुदाय से मुख्यमंत्री नहीं बना था।

किसान परिवार में हुआ था जन्म

साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। साय का राजनीतिक कैरियर सरपंच के तौर पर शुरू हुआ। जहां वे बगिया गांव के निर्विरोध सरपंच चुने गए।

25 हजार से ज्यादा वोट से जीता चुनाव

विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने 25,541 वोट के अंतर से यह चुनाव जीता है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं। मालूम हो कि छत्तीसगढ़ की 90 में से 54 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस महज 35 सीटों पर ही सिमट गई।

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में बड़ा हादसा, खदान में बस गिरने से 15 की मौत, कई घायल

Published

on

Loading

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के खदान में गिर जाने से उसमें सवार 15 लोगों की मौत हो गई। ये बस केडिया डिस्टलरी के लगभग 40 कर्मचारियों को लेकर कुम्हारी से भिलाई लौट रही थे। मामले में बस चालक पर 3 धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं घटना के बाद से आक्रोशित अन्‍य कर्मचारियों ने कंपनी में काम बंद कर दिया है। हादसे पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने शोक जताया है।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि कुम्हारी थाना क्षेत्र के तहत खपरी गांव के पास मुरम (लाल मिट्टी) की एक खदान में बस गिर गई। वहीं बस गिरने की वजह से उसमें सवार 15 लोगों की मौत हो गई है और कई सारे लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कुम्हारी क्षेत्र में स्थित केडिया डिस्टिलरीज की बस कर्मचारियों को लेकर निकली थी। उस दौरान बस में 30 से अधिक कर्मचारी सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि घटना मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय हुई, जब बस खपरी गांव के करीब पहुंची और अनियंत्रित होकर मुरम खदान में गिर गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया है तथा खदान से बस को निकालने की कोशिश की जा रही है।

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे पर दुःख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, दुर्ग जिले में हुए बस हादसे में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन हरसंभव मदद उपलब्ध करा रहा है।

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, “दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में कई कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के ईलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

Continue Reading

Trending