Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

नेशनल

देश के कई राज्यों में बदला मौसम, पारा गिरा

Published

on

rain

Loading

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने का असर नजर आने लगा है और प्री-मानसून बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है। दिल्ली, भोपाल, बंगलुरु, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में भी बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कुछ इलाकों में बारिश और गरज के साथ बौछार पड़ सकती है।

सुबह 8.30 बजे तक शहर में 25.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई और वातावरण में आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा। राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं मध्य प्रदेश में भी मानसून पूर्व की गतिविधियां जोर पकड़ने लगी हैं। राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार सुबह बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाएं राहत दे रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ओर से बढ़ रहे मानसून का राज्य में असर दिखने लगा है। पिछले तीन दिनों से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बदली छा रही है और बौछारें पड़ रही हैं। रविवार सुबह भी मौसम सुहावना बना हुआ है। बादल छाने से धूप का असर न के बराबर है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में मौसम में आ रहे बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री, इंदौर में 20.6 डिग्री, ग्वालियर में 24 डिग्री और जबलपुर में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पूर्व यानी शनिवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री, इंदौर में 32.8 डिग्री, ग्वालियर में 39.9 डिग्री और जबलपुर में 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दूसरी ओर पूरे कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय होने के कारण राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश और गरज के साथ फुहारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि तटीय कर्नाटक में भी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने रविवार को राजधानी बेंगलुरू में बदली छाने और एक-दो फुहारें तथा गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को शहर में 18.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने कहा कि रविवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बेंगलुरू शहर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

गौरतलब है कि मानसून 3 दिन पहले (गुरुवार) को ही मुंबई पहुंचा है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र से आगे निकलकर मध्यप्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दक्षिण गुजरात और सिक्किम में दस्तक दे सकता है।

नेशनल

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में युवाओं के विकास के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं: पीएम मोदी

Published

on

Loading

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मालदा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेरा बंगाल से ऐसा नाता है जैसे मानो मैं पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था या फिर शायद अगले जन्म में बंगाल में पैदा होना है। इसके साथ ही मोदी ने प्रदेश की सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कारण लगभग 26 हजार परिवारों की शांति और खुशी खत्म हो गई है। पीएम मोदी ने यह बयान कलकत्ता हाईकोर्ट की एक खंडपीठ के हालिया आदेश के संदर्भ में दिया। जिसमें सरकारी स्कूलों में 25 हजार 753 टीचिंग (शिक्षण) और गैर-शिक्षण नौकरियों को रद्द कर दिया गया था।

पीएम मोदी ने आगे कहा, “नौकरियों और आजीविका के इस नुकसान के लिए केवल तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार है। राज्य सरकार ने राज्य में युवाओं के विकास के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। जिन लोगों ने पैसे उधार लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को दिए उनकी हालत तो और भी खराब है।” पीएम मोदी ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल पर विभिन्न केंद्र-प्रायोजित योजनाओं के तहत दिए गए केंद्रीय फंड के उपयोग के संबंध में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया। पीएम ने कहा, केंद्र सरकार ने राज्य के 80 लाख किसानों के लिए 8 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। लेकिन राज्य सरकार बाधा उत्पन्न कर रही है, इसलिए किसानों को राशि नहीं मिल पा रही है। राज्य सरकार सभी केंद्रीय परियोजनाओं के कार्यान्वयन को खराब करने की कोशिश कर रही है। वे राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दे रहे। हमारे पास मालदा जिले के आम किसानों के लिए योजनाएं हैं। लेकिन मुझे चिंता है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता वहां भी कमीशन की मांग करेंगे। पीएम मोदी ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास करने का भी आरोप राज्य सरकार पर लगाया।

उन्होंने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं को प्रताड़ित किया गया। मालदा में भी ऐसी ही घटनाओं की खबरें आई थीं। लेकिन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने हमेशा आरोपियों को बचाने का प्रयास किया है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच तुष्टिकरण की राजनीति की प्रतिस्पर्धा चल रही है। एक तरफ तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस आम लोगों से पैसा जब्त करने और इसे केवल उन लोगों के बीच वितरित करने की योजना बना रही है जो उनके समर्पित वोट बैंक का हिस्सा हैं। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस का गुप्त समझौता है।

 

Continue Reading

Trending