Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

अन्तर्राष्ट्रीय

उत्तर कोरिया ने जापान के ऊपर से दागी मिसाइल

Published

on

Loading

टोक्यो, 29 अगस्त (आईएएनएस)| उत्तर कोरिया ने मंगलवार को जापान के ऊपर मिसाइल दागी। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इस घटना को देश के लिए अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताया है।

सीएनएन के मुताबिक, यह मिसाइल सुबह छह बजे से पहले जापान पर दागी गई।

मिसाइल जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइदो के एरिमोमिसाकी के ऊपर से गुजरी और प्रशांत महासागार में गिरने से पहले तीन टुकड़ों में टूट गई।

चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी योशिहिदी सुगा ने आपात संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मिसाइल ने लगभग 14 मिनट तक उड़ान भरी।

उन्होंने कहा, किसी भी वस्तु के गिरने की खबर नहीं है और इससे जहाजों और विमानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पेंटागन प्रवक्ता अमेरिकी सेना के कर्नल रॉब मैनिंग ने कहा कि इस मिसाइल परीक्षण से उत्तर अमेरिका को तत्काल कोई खतरा नहीं है।

प्रधानमंत्री आबे ने इस परीक्षण की निंदा की है। उन्होंने कहा, हम मिसाइल के परीक्षण के बाद से इस घटना पर पूरी नजर बनाए हुए हैं और अपने लोगों के जीवन की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। यह एक गंभीर और चिंताजनक कदम है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और शांति बाधित हुई है।

आबे ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने मिसाइल परीक्षण पर चर्चा के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से 40 मिनट फोन पर बात की।

संयुक्त राष्ट्र में जापान के राजदूत कोरो बेशो के मुताबिक, इस मुद्दे पर दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में तुरंत बैठक का आग्रह किया है।

सीएनएन ने राजदूत बेसो के हवाले से बताया, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को उत्तर कोरिया पर और दबाव बनाना होगा।

उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण पर प्रतिक्रियास्वरूप दक्षिण कोरिया ने ‘आपात परिस्थिति में उत्तर कोरिया के नेतृत्व को नेस्तनाबूद करने हेतु अपनी क्षमता परखने के लिए’ सुबह 9.30 बजे बमबारी का अभ्यास किया।

Continue Reading

अन्तर्राष्ट्रीय

भारत में अवसरों की भरमार, पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में देश ने अच्छी प्रगति की : वॉरेन बफे

Published

on

Loading

नई दिल्ली। बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन और सीईओ वॉरेन बफे भारत की निवेश की संभावनाओं को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने रविवार को कंपनी की सालाना बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारत में अवसरों की भरमार हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। बीते दस सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश ने सभी आर्थिक मानदंडों में अच्छी प्रगति की है। अब लगभग 3.7 ट्रिलियन डॉलर (अनुमान वित्त वर्ष 2023-24) की जीडीपी के साथ भारत आर्थिक रूप से पांचवां सबसे बड़ा देश है। एक दशक पहले देश 1.9 ट्रिलियन डॉलर (मौजूदा बाजार मूल्य) की जीडीपी के साथ भारत 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। वित्त मंत्रालय के अनुसार, इस 10 साल की यात्रा में कई रिफॉर्म हुए जिसने देश को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाया है।

रविवार को अपनी कंपनी की वार्षिक बैठक में वॉरेन बफेट ने कहा, भारत में नई संभावनाओं का पता लगाएं। यहां ऐसे क्षेत्र हो सकते हैं जिनको सर्च नहीं किया गया है या यहां मौजूद अवसरों पर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि भारत में बहुत सारे अवसर हैं। सवाल यह है कि क्या हमें उनके बारे में जानकारी है, जिसमें हम भाग लेना चाहेंगे। बफेट देश में संभावित प्रवेश की तलाश में हैं। भारत की जीडीपी ग्रोथ एक नए शिखर पर पहुंचने के लिए तैयार है। विनिर्माण और ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टरों ने फिर से सुधार देखना शुरू कर दिया है और जीएसटी कलेक्शन नई ऊंचाई हासिल कर रहा है।

आरबीआई के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, भारत की जीडीपी ग्रोथ महामारी से पहले 2020 के दौरान दर्ज की गई 7 प्रतिशत से ऊपर बढ़ने के संकेत हैं। आईएमएफ के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, 2004 में भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी 635 डॉलर थी। 2024 में देश की प्रति व्यक्ति जीडीपी बढ़कर 2,850 डॉलर हो गई है, जो इसके समकक्ष देशों के लिए 6,770 डॉलर का 42 प्रतिशत है। इस महीने की शुरुआत में जारी एचएसबीसी सर्वे के अनुसार, मजबूत मांग के कारण भारत का विनिर्माण सेक्टर अप्रैल में मजबूत गति से बढ़ा। इसके अलावा विश्व चुनौतियों के बावजूद, एक लाख से अधिक स्टार्टअप और 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न के साथ देश ग्लोबल स्तर पर तीसरा सबसे बड़ा टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम बना हुआ है।

Continue Reading

Trending