प्रादेशिक
मऊ सदर विधानसभा सीट: आसान नहीं बाहुबली मुख्तार की राह
मऊ (यूपी)। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में स्थित मऊ जिला एक जमाने में विकास के लिए दूसरों की नजीर हुआ करता था। इस जिले के विकास कार्यों को देखकर आसपास के जिलों के लोगों को भी जलन होती थी। आज यहां बाहुबली मुख्तार अंसारी की चर्चा है। विरोधियों की तगड़ी घेरेबंदी के बीच मुख्तार के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी जीत के साथ बेटे को भी विधानसभा पहुंचाने की है।
एक वह दौर था, जब पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय यहां का प्रतिनिधित्व किया करते थे। उन्होंने अपने समय में विकास के जो काम कराए थे, वे समय के साथ ही अब अपनी चमक खो चुके हैं। मऊ आज विकास और जातिवादी राजनीति के दोराहे पर खड़ा है। क्षेत्र के लोग बताते हैं कि यहां का विकास तभी हो सकता है, जब यहां से चुने जाने वाले जनप्रतिनिधियों के मन में कल्पनाथ राय जैसी इच्छाशक्ति होगी।
मऊ जिले में चार विधानसभा क्षेत्र आते हैं। मऊ सदर, मोहम्मदाबाद (गोहना), मधुबन और घोषी विधानसभा क्षेत्र। इनमें से दो ही सीटें ऐसी हैं जो चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। इसकी वजह बाहुबली मुख्तार अंसारी और उनके बटे अब्बास अंसारी हैं। मुख्तार मऊ सदर से चुनावी मैदान में हैं तो उनका बेटा घोषी से ताल ठोंक रहे हैं। विरोधियों की तगड़ी घेरेबंदी के बीच मुख्तार के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी जीत के साथ ही बेटे को भी विधानसभा पहुंचाने की है।
चारों सीटों पर जीत विकास के नाम पर नहीं, बल्कि जातीय गणित के आधार पर होती आई है। जिले की सभी सीटों पर भूमिहार, ठाकुर, राजभर, यादव और मुस्लिम मतदाताओं की बहुलता है। सभी राजनीतिक दल यहां के जातीय समीकरण को ध्यान में रखकर ही उम्मीदवारों को मैदान में उतारते हैं।
मऊ सदर विधानसभा सीट : जिले की इस सीट से फिलहाल कौमी एकता दल के चचिर्त बाहुबली मुख्तार अंसारी विधायक हैं। बदले हुए राजनीतिक समीकरण के बीच वह इस बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। उनका इस इलाके में काफी दबदबा माना जाता है। भूमिहार और राजभर बहुल इस सीट पर उनकी जीत का फलसफा उनका धनबल और बाहुबल ही रहा है।
मुख्तार अंसारी फिलहाल जेल में बंद हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वह पेरौल पर बाहर आए थे। तब उन्होंने प्रचार के माध्यम से अपने पक्ष में हवा भी बनाई और जीतकर विधानसभा पहुंचे। इस बार उच्च न्यायालय ने पेरौल की उनकी याचिका खारिज कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है, वहीं दूसरी ओर विरोधी दलों ने भी इस बार उनकी तगड़ी घेरेबंदी कर रखी है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस सीट से अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। भाजपा का भारतीय समाज पार्टी (भासपा) के साथ गठबंधन होने के बाद यह सीट उनके खाते में चली गई। भासपा के अध्यक्ष ओप्रकाश राजभर ने यहां से अपने समधी महेंद्र राजभर को टिकट दिया है।
महेंद्र राजभर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “मऊ विकास से अछूता है। कल्पनाथ राय की कमी आज सभी को खलती है। वह एक विकास पुरुष थे। जब तक रहे, इस जिले पर माफियाओं और बाहुबलियों की छाया तक नजर नहीं आई। उनके निधन के बाद ही यहां धनबली और बाहुबली हावी होते चले गए। हालांकि इस चुनाव में जनता उनको सबक सिखाएगी।”
इस विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस गठबंधन ने अल्ताफ अंसारी को टिकट दिया है। इलाके वाले बताते हैं कि अल्ताफ अंसारी क्षेत्र का जाना पहचाना नाम है। इलाके के होने की वजह से उनकी पैठ मुस्लिम समुदाय में भी ज्यादा है। अल्ताफ इस सीट पर मुस्लिम और यादव वोटबैंक के सहारे मुख्तार को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
जिले के राजनीतिक विश्लेषक और पूर्व पत्रकार राजकमल राय कहते हैं कि अल्ताफ अंसारी के आने से मुस्लिम समुदाय में सेंधमारी का खतरा बढ़ गया है। इससे मुख्तार अंसारी की मुश्किलों में इजाफा होगा। यहां एक तरफ जहां मुस्लिम मतों में बिखराब साफ नजर आ रहा है, वहीं दूसरी तरफ भूमिहार, राजभर और ठाकुर मतदाता भी लामबंद हो रहा है। इसका सीधा असर नतीजे पर देखने को मिलेगा।
घोषी विधानसभा सीट : घोषी लोकसभा सीट से कल्पनाथ राय कभी सांसद हुआ करते थे। उनके निधन के बाद हालांकि परिवार में ही कलह छिड़ गया और इसका लाभ विरोधियों ने उठाया। लिहाजा, कल्पनाथ राय का परिवार यहां राजनीतिक तौर से हाशिये पर है। इस सीट से बसपा ने मुख्तार अंसारी के पुत्र अब्बास अंसारी को टिकट दिया है। अब्बास की छवि हालांकि उनके पिता के ठीक विपरीत है।
हालांकि अब्बास को अपनों से ही चुनौती भी मिल रही है। दरअसल, बसपा ने यहां से स्थानीय नेता वसीम इकबाल उर्फ चुन्नू को पहले ही टिकट दे दिया था। लेकिन बाद में मुख्तार की छवि को भुनाने के उद्देश्य से अंत में बसपा सुप्रीमो ने इस सीट से मुख्तार के बेटे अब्बास को उतार दिया। अब्बास को अब यह डर सता रहा है कि कहीं वसीम इकबाल ने भितरघात किया तो उनका विधायक बनने का सपना धरा रह जाएगा।
सपा ने यहां से वर्तमान विधायक सुधाकर सिंह को ही टिकट दिया है। इलाके में उनकी अच्छी खासी पैठ है। हालांकि इलाके के लोग बताते हैं कि उनके खिलाफ एंटी इन्कम्बेंसी का असर भी है। इलाके का विकास न होने से लोग काफी नाराज हैं।
सुधाकर सिंह कहते हैं, “ऐसा नहीं है। यहां विकास के काफी काम हुए हैं। विरोधियों की तरफ से यह दुष्प्रचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के काम के दम पर ही हम जनता के बीच जा रहे हैं। जनता से अच्छा सहयोग मिल रहा है। जो लोग इलाके में विकास काम न होने का दावा कर रहे हैं, उन्हें चुनाव के बाद जवाब अपने आप मिल जाएगा।”
घोषी के ही रामकुमार राजभर कहते हैं, “विकास कार्य पूरी तरह से ठप्प हैं। किसान सहकारी मिल बंद हो चुकी है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट लगभग बंद होने के कागार पर है। रोजगार देने वाले दो सबसे बड़े उपक्रमों के बंद होने से यहां का युवा रोजगारविहीन हो चुका है। लोगों को यहां से पलायन कर रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता है।”
प्रादेशिक
बिहार के भागलपुर में भोजपुरी एक्ट्रेस का फंदे से लटकता मिला शव, वाट्सएप पर लगाया था ऐसा स्टेटस
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में भोजपुरी एक्ट्रेस अन्नपूर्णा उर्फ अमृता पांडेय की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई मरने से पहले अमृता पांडे ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा है कि दो नाव पर सवार है उसकी जिंदगी…हमने अपनी नाव डूबा कर उसकी राह को आसान कर दिया। अमृता के इस स्टेटस से कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने सुसाइड किया है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
परिवार वालों ने बताया कि करीब 3.30 बजे अमृता की बहन उसके कमरे में गई। वहां वह फंदे से लटकी हुई थी। आनन फानन में उसके फंदे से चाकू से काटकर तत्काल परिवार वाले स्थानीय निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उसे मृत बता दिया गया। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात उन लोगों ने काफी मस्ती की थी। फिर अचानक से क्या हुआ। किसी को समझ नहीं आ रहा। परिजनों ने बताया कि अमृता की शादी 2022 में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी चंद्रमणि झांगड़ के साथ हुई थी। वे मुंबई में एनिमेशन इंजीनियर हैं। अब तक उन लोगों को बच्चे नहीं हैं।
अमृता ने मशहूर भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव समेत कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया है. साथ ही कई सीरियल, वेब सीरज और विज्ञापन में भी काम किया है। बहन के मुताबिक, अमृता कैरियर को लेकर काफी परेशान रहती थी। वह काफी डिप्रेशन में थी। इस वजह से वह इलाज भी करा रही थी। अमृता भोजपुरी फिल्मों के अलावा कुछ वेब सीरीज में काम में रही थी. हाल ही में अमृता की हॉरर वेब सीरीज प्रतिशोध का पहला भाग रीलिज हुआ है।
-
नेशनल1 day ago
दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा, ‘आप’ से गठबंधन के थे खिलाफ
-
नेशनल1 day ago
कर्नाटक के बेलगावी में बोले पीएम मोदी, कांग्रेस के शहजादे में नवाबों, बादशाहों के खिलाफ एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है
-
नेशनल1 day ago
628 को उम्रकैद, 37 को दिलवाई फांसी, जानें कौन हैं मुंबई उत्तर मध्य सीट से बीजेपी उम्मीदवार उज्जवल निकम
-
नेशनल1 day ago
जेपी नड्डा का ममता पर हमला, कहा- संदेशखाली में जनता की रक्षा के लिए एनएसजी कमांडो को भी उतरना पड़ा
-
अन्तर्राष्ट्रीय1 day ago
अमेरिका के साउथ कैरोलिना में बड़ा सड़क हादसा, गुजरात की तीन महिलाओं की मौत
-
प्रादेशिक1 day ago
महादेव बेटिंग ऐप मामले में एक्टर साहिल खान गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से लाया गया मुंबई
-
उत्तर प्रदेश1 day ago
गाजियाबाद में रिटायर्ड जवान ने बेटी के दोस्त की गोली मारकर की हत्या, पुलिस पूछताछ में कही ये बात
-
प्रादेशिक1 day ago
बिहार के भागलपुर में भोजपुरी एक्ट्रेस का फंदे से लटकता मिला शव, वाट्सएप पर लगाया था ऐसा स्टेटस