Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

नेशनल

पंजाब में एक दशक बाद कांग्रेस की वापसी, जानें कौन जीता और कौन हारा

Published

on

Loading

चंडीगढ़। कांग्रेस एक दशक बाद पंजाब की सत्ता में वापसी करने जा रही है। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को हुई मतगणना में कांग्रेस को भारी बहुमत मिला है। 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में कांग्रेस को 77 सीटों पर जीत मिली है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 59 सीटों से कहीं अधिक है।

कांग्रेस के मुख्यमंत्री प्रत्याशी अमरिंदर सिंह दो सीटों पर चुनाव लड़े थे, जिसमें से एक सीट पर उन्हें हार मिली है। हालांकि दूसरी सीट बचाने में वह सफल रहे हैं। अमरिंदर एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री की कमान संभाल सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरिंदर सिंह को फोन कर बधाई दी है।

अमरिंदर लांबी सीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ उतरे थे, जहां उन्हें 22,770 मतों के अंतर से हार मिली। जबकि अमरिंदर सिंह पटियाला शहरी सीट से जीत गए हैं। उन्हें इस सीट से 72586 वोट मिले हैं।

राज्य में पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी (आप) 20 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही है। जबकि उसने सरकार बनाने की उम्मीद पाल रखी थी। हालांकि लगातार दो कार्यकाल पूरा करने वाले शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को तीसरे स्थान पर धकेल आप राज्य में मुख्य विपक्ष की भूमिका में आ गई है।

अकाली दल-भाजपा गठबंधन को 18 सीटें मिली हैं। भाजपा सिर्फ तीन सीटें जीत सकी है। इतना ही नहीं पंजाब की मौजूदा सरकार के 10 मंत्री चुनाव हार गए हैं, जिसमें भाजपा के चारों विधायक भी शामिल हैं।

मत प्रतिशत पर गौर करें तो कांग्रेस को सर्वाधिक 38.5 फीसदी वोट मिले हैं। अकाली दल 25.2 फीसदी के साथ दूसरे और आप 23.7 फीसदी वोट के साथ तीसरे स्थान पर है।

अमृतसर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गुरजीत सिंह औजला 1,99,189 मतों के अंतर से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रजिंदर मोहन सिंह छिना को हराया है।

आज के ही दिन अपना 75वां जन्मदिन मना रहे अमरिंदर सिंह ने पार्टी की इस शानदार जीत पर कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता राज्य से नशाखोरी समाप्त करने की होगी। अमरिंदर ने कहा, “पंजाब के लोगों ने बहुत बड़ा जनादेश दिया है। हमारी प्राथमिकता पंजाब से नशाखोरी समाप्त करने की होगी। मैंने चार सप्ताह में ड्रग्स कारोबार को उखाड़ फेंकने की प्रतिबद्धता जताई है।”

उन्होंने क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाने के सवाल पर कोई वचनबद्धता नहीं जताई। अमरिंदर ने कहा, “इस पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी फैसला करेंगे। पार्टी नेतृत्व ही कैबिनेट में सभी मंत्रियों के चुनाव का फैसला करेगा।”

अमरिंदर के घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होने लगे हैं, जिसके मद्देनजर सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है और साथ ही मेटल डिटेक्टर भी लगा दिए गए हैं।

राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने हार स्वीकारते हुए कहा कि वह रविवार को इस्तीफा देंगे। देश के सबसे बुजुर्ग मुख्यमंत्री बादल (89) ने कहा, “मैं पंजाब के लोगों का आभारी हूं कि उन्होंने मुझे राज्य की सेवा करने का मौका दिया। मैं उन सभी चीजों से संतुष्ट हूं जो मैं कर सका। मैं किसी भी तरह की गलती के लिए माफी चाहता हूं।”

अकाली दल के अध्यक्ष और राज्य के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल जलालाबाद सीट से 75271 वोट हासिल कर जीत गए हैं, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के भगवंत मान को 56771 वोट मिले हैं।

क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में कांग्रेस की जीत को पार्टी का पुनरुत्थान बताया है और अकाली दल के इस हश्र के लिए उसके अहंकार को जिम्मेदार ठहराया है। सिद्धू ने पिछले साल भाजपा का दामन छोडक़र कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। उन्होंने केजरीवाल की गलत मंशा का हवाला देते हुए कहा कि यह केजरीवाल के लिए बहुत बड़ी हार है।

पंजाब में जीत हासिल करने वाले प्रमुख राजनेता
कैप्टन अमरिंदर सिंह (कांग्रेस, पटियाला शहरी क्षेत्र), प्रकाश सिंह बादल (शिरोमणि अकाली दल, लंबी), सुखबीर सिंह बादल (शिअद, जलालाबाद), नवजोत सिंह सिद्धू (कांग्रेस, अमृतसर पूर्व), हरविंदर सिंह फुल्का (आम आदमी पार्टी, दाखा), मनप्रीत बादल (कांग्रेस, बठिंडा), अमरिंदर सिंह राजा (कांग्रेस, गिद्दरबाहा), परगट सिंह (कांग्रेस, जालंधर कैंट), सुखपाल सिंह खरा (आप, भोलाठ)।

प्रमुख पराजित राजनेता

भगवंत मान (आप, जलालाबाद), रवनीत सिंह बिट्ट (कांग्रेस, जलालाबाद), सुनील जाखड़ (कांग्रेस, अबोहर), राजिंदर कौर भट्टल (कांग्रेस, लेहरा), कैप्टन अमरिंदर सिंह (कांग्रेस, लंबी), उद्योगपति केवल ढिल्लों (कांग्रेस, बरनाला), आदर्श प्रताप सिंह कैरों (शिअद, पट्टी), तोता सिंह (शिअद, धरमकोट), जनरल (सेवानिवृत्त) जे.जे. सिंह (शिअद, पटियाला)।

नेशनल

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में युवाओं के विकास के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं: पीएम मोदी

Published

on

Loading

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मालदा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेरा बंगाल से ऐसा नाता है जैसे मानो मैं पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था या फिर शायद अगले जन्म में बंगाल में पैदा होना है। इसके साथ ही मोदी ने प्रदेश की सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस पर खूब हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस द्वारा किए गए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के कारण लगभग 26 हजार परिवारों की शांति और खुशी खत्म हो गई है। पीएम मोदी ने यह बयान कलकत्ता हाईकोर्ट की एक खंडपीठ के हालिया आदेश के संदर्भ में दिया। जिसमें सरकारी स्कूलों में 25 हजार 753 टीचिंग (शिक्षण) और गैर-शिक्षण नौकरियों को रद्द कर दिया गया था।

पीएम मोदी ने आगे कहा, “नौकरियों और आजीविका के इस नुकसान के लिए केवल तृणमूल कांग्रेस जिम्मेदार है। राज्य सरकार ने राज्य में युवाओं के विकास के सभी रास्ते बंद कर दिए हैं। जिन लोगों ने पैसे उधार लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को दिए उनकी हालत तो और भी खराब है।” पीएम मोदी ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल पर विभिन्न केंद्र-प्रायोजित योजनाओं के तहत दिए गए केंद्रीय फंड के उपयोग के संबंध में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया। पीएम ने कहा, केंद्र सरकार ने राज्य के 80 लाख किसानों के लिए 8 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। लेकिन राज्य सरकार बाधा उत्पन्न कर रही है, इसलिए किसानों को राशि नहीं मिल पा रही है। राज्य सरकार सभी केंद्रीय परियोजनाओं के कार्यान्वयन को खराब करने की कोशिश कर रही है। वे राज्य में आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं होने दे रहे। हमारे पास मालदा जिले के आम किसानों के लिए योजनाएं हैं। लेकिन मुझे चिंता है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता वहां भी कमीशन की मांग करेंगे। पीएम मोदी ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास करने का भी आरोप राज्य सरकार पर लगाया।

उन्होंने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं को प्रताड़ित किया गया। मालदा में भी ऐसी ही घटनाओं की खबरें आई थीं। लेकिन तृणमूल कांग्रेस सरकार ने हमेशा आरोपियों को बचाने का प्रयास किया है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच तुष्टिकरण की राजनीति की प्रतिस्पर्धा चल रही है। एक तरफ तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस आम लोगों से पैसा जब्त करने और इसे केवल उन लोगों के बीच वितरित करने की योजना बना रही है जो उनके समर्पित वोट बैंक का हिस्सा हैं। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस का गुप्त समझौता है।

 

Continue Reading

Trending