Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

मनोरंजन

लफ़्ज़ों की रूह में उतर जाते थे जगजीत सिंह

Published

on

जगजीत-सिंह,अल्फाज,मखमली-आवाज,झुकी-झुकी-सी-नजर,होश-वालों-को-खबर-क्या,तुम-इतना-जो-मुस्कुरा-रहे-हो,बादशाह,गायिका-चित्रा,एलबम,गजलकार

Loading

नई दिल्ली | जगजीत सिंह (70) को बयां करने के लिए दो अल्फाज काफी हैं और वो अल्फाज है, खुद उनका नाम। मखमली आवाज से रूह में उतरने का हुनर रखने वाले जगजीत को ‘होठों से छू लो तुम’, ‘झुकी झुकी सी नजर’, ‘होश वालों को खबर क्या’, ‘चिट्ठी न कोई संदेश’, ‘ये दौलत भी ले लो’ व ऐसे ही अनगिनत गजलों-नज्मों को अमर बनाने का श्रेय जाता है। अपनी जादुई आवाज से श्रोताओं को एक अजीब सा सुकून देने वाले जगजीत सिंह का जन्म आठ फरवरी, 1941 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में हुआ था। उनका परिवार मूल रूप से पंजाब के रोपड़ जिले के दल्ला गांव का रहने वाला था।
जगजीत की शुरुआती शिक्षा गंगानगर में हुई और बाद में जालंधर में पढ़ाई की। पिता सरदार अमर सिंह धमानी सरकारी कर्मचारी थे। जगजीत सिंह को संगीत पिता से विरासत में मिला। वह 1965 में मुंबई आ गए। 1967 में उनकी मुलाकात गजल गायिका चित्रा से हुई। इसके दो साल बाद 1969 में दोनों विवाह बंधन में बंध गए।  जगजीत-चित्रा ने साथ में कई गजलें गाईं। दोनों संगीत कार्यक्रमों में अपनी जुगलबंदी से समां बांध देते। उन्हें बेटा विवेक था, जिसकी वर्ष 1990 में एक कार हादसे में मौत हो गई। उस समय उसकी उम्र 18 साल थी। इकलौते बेटे की असमय मौत ने चित्रा को पूरी तरह तोड़ दिया और उन्होंने गायकी से दूरी बना ली।

 

गजल के बेताज बादशाह जगजीत को करीब से जानने वालों का मानना है कि उनकी गजलों में महसूस होने वाली तड़प व दुख उनकी इसी अति निजी क्षति की वजह से था। जगजीत को दुनिया में गजल को आम आदमी तक पहुंचाने का श्रेय जाता है। उनकी पहली एलबम ‘द अनफॉरगेटेबल्स’ (1976) हिट रही। उन्होंने गजलों को जब फिल्मी गानों की तरह गाना शुरू किया, तो आम आदमी ने गजल में दिलचस्पी दिखानी शुरू की। उन्होंने ‘झुकी झुकी सी नजर बेकरार है कि नहीं’, ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो’, ‘तुमको देखा तो ये ख्याल आया’, ‘प्यार का पहला खत लिखने में वक्त तो लगता है’, ‘होश वालों को खबर क्या’, ‘कोई फरियाद’, ‘होठों से छू लो तुम’, ‘ये दौलत भी ले लो’, ‘चिठ्ठी न कोई संदेश’ जैसी फिल्मी गजलें पेश कीं। वहीं गैरफिल्मी फेहरिस्त में ‘कल चौदहवीं की रात थी शब भर रहा चर्चा तेरा’, ‘सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता’, ‘वो कागज की कश्ती वो बारिश का पानी’ जैसी मशहूर गजलें शुमार हैं।

 

जगजीत सिंह ने 150 से ज्यादा एलबम बनाईं। फिल्मों में गाने भी गाए, लेकिन गजल व नज्म के लिए उन्हें विशेष रूप से लोकप्रियता प्राप्त है। 10 अक्टूबर, 2011 को गजल सम्राट सदा के लिए खामोश हो गए। उन्होंने अंतिम सांस मुंबई के लीलावती अस्तपाल में ली। उनके आकस्मिक निधन पर पाश्र्व गायिका आशा भोसले ने शोक जताते हुए कहा था कि उनकी आवाज सुनकर हर कोई दीवाना हो जाता था। वह हिंदुस्तान का गर्व थे। अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा था कि उनकी आवाज में इतनी सच्चाई व मिठास इसलिए भी थी, क्योंकि वह बहुत अच्छे इंसान थे। बॉलीवुड के ‘शोमैन’ सुभाष घई ने कहा था कि जगजीत का जाना, मेरा बहुत बड़ा नुकसान है। चित्रा सिंह ने अपने गजलकार पति के लिए भारत रत्न की मांग करते हुए कहा था कि मेरे ख्याल से वह भारत रत्न के हकदार हैं। इससे कम के नहीं। देश को उनका ऋण जरूर चुकाना चाहिए। आज भले जगजीत हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज व उसकी भीनी-भीनी खुशबू हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी।

मनोरंजन

सलमान को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स राजस्थान से गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई का है समर्थक

Published

on

Loading

मुंबई। बॉलीवुड के दबंग सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम बनवारी लाल गुर्जर है। वो लॉरेंस बिश्नोई का समर्थक बताया जा रहा है।

इसने यूट्यूब चैनल पर पर एक वीडियो अपलोड करके सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसमें उसने कहा था, ‘लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बरार और उनके गिरोह के सदस्य मेरे साथ हैं। मैं सलमान खान को मार डालूंगा, क्योंकि उन्होंने अभी तक माफी नहीं मांगी है.’ ये वीडियो आरोपी ने राजस्थान में एक हाईवे पर वीडियो बनाया। उसे अपने चैनल पर अपलोड किया। जिसकी जांच करने के बाद मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने हाल ही में सलमान खान के घर के बाहर हुए फायरिंग मामले में एक्टर का बयान दर्ज किया था। रिपोर्ट के मुताबकि, सलमान खान का बयान 9 पन्नों में दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि घटना वाली रात उनके घर पर पार्टी थी, जिसके कारण उन्हें देर से नींद आई और वह सुबह गोलियों की आवाज सुनकर उठे थे। वहीं अरबाज का बयान 4 पन्नों में दर्ज किया गया और उन्होंने कहा कि घटना के समय वो अपने जुहू वाले घर पर थे।

बता दें सलमान खान फायरिंग मामले में अब तक मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कुल 29 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। वहीं एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जरूरत पड़ने पर सलमान खान के पिता सलीम खान का भी बयान दर्ज किया जाएगा।

Continue Reading

Trending