Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

उत्तर प्रदेश

जिंदगी भर जेल में सड़ेंगे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले: सीएम योगी

Published

on

Loading

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर के युवाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। यदि किसी ने ऐसा किया तो वह जिंदगी भर के लिए जेल में सड़ेगा। यही नहीं, उसके बाप-दादा की प्रॉपर्टी भी सरकार जब्त कर लेगी।

सीएम योगी राजकीय जुबली इंटर कॉलेज के मैदान में विद्यार्थियों को स्मार्टफोन/टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में 1500 विद्यार्थियों को टैबलेट और 3000 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने 15 विद्यार्थियों को टैबलेट और 10 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन अपने हाथों से प्रदान किया। इस अवसर पर सीएम ने 26 माध्यमिक विद्यालयों में 17.35 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों तथा 141 माध्यमिक विद्यालयों में 7.58 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 330 प्रीमियम स्मार्ट क्लास रूम का शिलान्यास भी किया। चार इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को उन्होंने स्मार्ट क्लास का प्रमाण पत्र भी सौंपा। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में सिर्फ स्मार्ट सिटी ही नहीं होगी बल्कि स्मार्टफोन और स्मार्ट क्लास से जुड़कर यूपी के युवा पूरी दुनिया के सामने स्मार्ट युवा बनेंगे।

डिजिटली सक्षम बन रहे यूपी के युवा, बनाएंगे डिजिटल इंडिया का अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवंबर 2021 में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना लांच कर स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण का कार्यक्रम शुरू किया गया। इसका उद्देश्य युवा शक्ति को डिजिटली सक्षम बनाना है ताकि भविष्य में कोरोना जैसी कोई महामारी पठन पाठन को बाधित न कर आए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब भौतिक रूप से पठन पाठन ठप हो गया था तब पीएम मोदी ने तकनीक से जुड़ने का विजन दिया। आज इसी का अनुसरण करते हुए प्रदेश में 20 लाख युवाओं को बिना भेदभाव स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रदेश में 2 करोड़ युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन स्मार्टफोन और टैबलेट में केंद्र और राज्य सरकार की उन योजनाओं को भी जोड़ा गया है जो युवाओं के भविष्य और उनकी आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक हैं। तकनीकी रूप से सक्षम होकर युवा आगे बढ़ेंगे और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में अपना योगदान देंगे। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे यूपी को डिजिटल इंडिया का अग्रणी बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्मार्टफोन का उपयोग पाठ्यक्रम और सरकार की लाभकारी योजनाओं को जानने के लिए करें।

जर्जर नहीं रहेंगे माध्यमिक विद्यालय, सरकार दे रही पैसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्जर माध्यमिक विद्यालयों को इंफ्रास्ट्रक्चर से मजबूत करने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार की शुरुआत की गई है। सरकार पैसा दे रही है, कोई भी विद्यालय जर्जर नहीं होना चाहिए। प्रोजेक्ट अलंकार में राजकीय विद्यालय के लिए सरकार शत प्रतिशत अनुदान देती है जबकि सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालय को 75 प्रतिशत अनुदान सरकार देती है और 25 प्रतिशत हिस्सा विद्यालय प्रबंधन को देना होता है। संस्कृत विद्यालयों को इसमें 90 प्रतिशत अनुदान मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को जर्जर हालत से मुक्ति दिलाने के साथ नियमित सफाई पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। सीएम ने बताया कि आज प्रदेश भर के लिए प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों का शुभारंभ हो रहा है। गोरखपुर मंडल में 69 विद्यालयों में इसके तहत कार्य होंगे।

प्रीमियम स्मार्ट क्लास के लिए सीएसआर फंड से दिल रहे पैसा

सीएम योगी ने माध्यमिक विद्यालयों के लिए प्रीमियम स्मार्ट क्लास की चर्चा करते हुए कहा कि इसके लिए सीएसआर फंड से पैसा दिलाया जा रहा है। स्मार्ट क्लास को डिजिटल लाइब्रेरी से जोड़कर इसे और उपयोगी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी स्मार्ट क्लास का उपयोग जरूर करें, पूरी दुनिया इससे जुड़ रही है। इसे लगाने वाली कंपनी कुछ समय तक फ्री सर्विस देगी। उन्होंने कहा कि जब आप सीखना प्रारम्भ करेंगे तो कहीं भी मात नहीं खानी पड़ेगी।

नए भारत के नए यूपी में शिक्षा व्यवस्था भी हो रही नई

सीएम योगी ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप नई हो रही है। सरकार इसी हिसाब से इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है। सरकार का संकल्प है कि यूपी का युवा दुनिया में किसी से पीछे नहीं रहेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकार ने हर जिले में अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश बदल चुका है। यहां सुरक्षा है तो समृद्धि भी है। आजीविका है तो आस्था का सम्मान भी है। जबकि पहले युवा, आस्था, समृद्धि और सुरक्षा की चर्चा नहीं होती थी। 2014 के पहले यही हालात थे। आज देश, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

फिर एक बार मोदी सरकार का दिया नारा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिर एक बार मोदी सरकार का नारा दिया। कहा कि तीसरी बार मोदी सरकार बनने का मतलब देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। हर व्यक्ति और भारत को विकसित बनाना है। मोदी सरकार में कोई दुश्मन आंखें नहीं दिखा सकता। अगर दिखाएगा तो उसे सबक भी सिखाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले स्मार्ट क्लास के सिस्टम को डेमो प्रेजेंटेशन से समझा।

युवाओं को आगे बढ़ाना मोदी-योगी का सपना: रविकिशन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी का सपना युवाओं को आगे बढ़ाने का है। युवाओं को समय के अनुरूप तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़े पैमाने पर टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध करा रहे हैं। सीएम योगी जिस गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर हैं, उस पीठ से संचालित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में शैक्षिक क्रांति का सूत्रपात किया था। शिक्षा का प्रसार करना उन्हें विरासत में मिला है। आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अपर मुख्य सचिव (माध्यमिक शिक्षा) दीपक कुमार ने बताया शिक्षा की गुणवत्ता मुख्यमंत्री की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज वितरित किए जा रहे 1500 टैबलेट और 3000 स्मार्टफोन की कुल लागत 5 करोड़ रुपये है। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल, भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, ज्योति प्रकाश मस्करा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Continue Reading

उत्तर प्रदेश

सपा और कांग्रेस गठबंधन के लोग राम विरोधी, देश विरोधी और गरीब विरोधी हैं : सीएम योगी

Published

on

Loading

बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बलरामपुर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने के बार फिर विपक्षी दलों पर हमला बोला। CM योगी ने कहा कि ये लोग आपकी संपत्ति को बांग्लादेश और पाकिस्तान से आए मुसलमान घुसपैठियों को बांटने का काम करेंगे, लेकिन भाजपा इनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन सत्ता हासिल करने के लिए तरह-तरह का गुल खिला रहा है। इनके कारनामे जनता से छिपे नहीं हैं। यह देश से गरीबी हटाने के लिए हमारे पूर्वजों की संपत्ति का सर्वे कराने की बात कह रहे हैं। ऐसे में इनसे हमें सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि यह देश से गरीबी तो नहीं हटाएंगे बल्कि संपत्ति का सर्वे कराकर विरासत टैक्स जरूर लगाएंगे। इनका यह विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। उसने यह कर हिंदुओं के धर्मांतरण करने के लिए लगाया था। इसे हम कतई स्वीकार नहीं कर सकते हैं। इतना ही नहीं यह आपकी संपत्ति को बांग्लादेश, पाकिस्तान समेत अन्य देशों से आए मुसलमान घुसपैठियों को बांटने का काम करेंगे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा और कांग्रेस गठबंधन के लोग राम विरोधी, देश विरोधी और गरीब विरोधी हैं। यह अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के लोगों के हक पर सेंधमारी का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा जो षड्यंत्र होने जा रहा है, उसके प्रति हम सभी को आगाह रहने की जरूरत है। यह देश हमारा है, हमे ही देश के विकास के लिये फैसला लेना होगा। उन्हाेंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता जनार्दन की सेवा कर रही है। हम भेदभाव नहीं करते हैं बल्कि सबका साथ, सबका विकास के भाव के साथ काम कर रहे हैं। वहीं इंडी गठबंधन देश की जनता को जाति और धर्म में बांटकर देश को लूटना चाहती है, जिसे हम होने नहीं देंगे।

जनता भी इनके मंसूबों को जान गयी है इसलिए वह एक स्वर में कह रही है एक बार फिर मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। जनता इनको जवाब दे रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश नये भारत का दर्शन कर रहा है। देश में जो परिवर्तन नजर आ रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिश्रम, उनके विजन और मिशन का परिणाम है। दुनिया के अंदर देश का सम्मान बढ़ा है। बीजेपी गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। हमने गरीबों को फ्री आवास देने के साथ थारू जनजाति के लोगों को फ्री आवास की सुविधा दी है। इसके साथ थारू संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए म्यूजियम का निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले बलरामपुर में सड़कों पर चलना दूभर था। इसके अलावा लोगों को पीने का पानी भी नहीं नसीब होता था। वहीं आज 24 घंटे बिजली की सप्लाई हो रही है। सभी को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए हर घर नल योजना चलाई जा रही है। पहले गोरखपुर से देवी पाटन मंदिर पहुंचने में 6 घंटे और गोंडा से 8 घंटे लगते थे। वहीं आज गोरखपुर से ढाई घंटे और गोंडा से 45 मिनट में सफर पूरा किया जा रहा है। यही मोदी सरकार की गारंटी है। बलरामपुर में विश्वविद्यालय के निर्माण का कार्य भी आगे बढ़ चुका है। अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। आज मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और बड़े-बड़े संस्थानों का निर्माण जिले में हो रहा है। यहां के विकास कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Continue Reading

Trending