Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

नेशनल

कोरोनाः मुरादाबाद में हुई बड़ी चूक, निगेटिव की जगह दो संक्रमित लोगों को भेज दिया घर

Published

on

Loading

नई दिल्ली। कोरोना वायरस देश में तेजी से अपने पांव पसारने की कोशिश कर रहा है। भारत में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 23 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं।

इस बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोरोना की रोकथाम में लगे स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों ने निगेटिव दो लोगों के बजाए दो पॉजिटिव मरीजों को क्वारंटीन सेंटर से घर भेज दिया। बता दें कि पॉजिटिव और निगेटिव मरीजों के नाम एक जैसे होने की वजह से यह चूक हो गई।

जानकारी के मुताबिक मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग ने दोनों पॉजिटिव मरीजों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। मरीजों के घर जाने के बाद उनके संपर्क में आए लोगों को ढूंढ़कर क्वारंटीन किया जा रहा है।

21 अप्रैल को पीरजादा निवासी 33 साल के युवक और इंद्रा चौक निवासी 30 वर्षीय युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इनमें इंद्रा चौक का युवक जमात से जुड़ा है। जबकि पीरदाजा वाले युवक की कोई ट्रेवल हिस्ट्री और जमात से संपर्क नहीं है।

दोनों ही आईएफटीएम में क्वारंटीन थे और 18 अप्रैल को उनका सैंपल लखनऊ भेजा गया। 21 अप्रैल को 80 सैंपलों में 21 लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट के साथ दोनों युवकों की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आ गई।

आईएफटीएम में ही क्वारंटीन 37 लोगों की निगेटिव और 22 लोगों की संशय वाली रिपोर्ट आई। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव दोनों मरीजों को 22 अप्रैल की रात क्वारंटीन सेंटर से घर भेज दिया।

इंद्रा चौक निवासी युवक के 23 अप्रैल को घर में नजर आने पर पड़ोसियों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। चूंकि पड़ोसियों ने अखबारों में यह पढ़ा था कि उनके मोहल्ले का व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। ऐसे में जब वह घर दिखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया।  इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन सेंटर में पॉजिटिव और निगेटिव लोगों की लिस्ट क्रॉस चेक की। इसमें इंद्रा चौक के अलावा पीरदाजा निवासी पॉजिटिव युवक भी घर भेजा गया था।

स्वास्थ्य विभाग ने पुलिस की मदद से गुरुवार को दोनों पॉजिटिव युवकों को विवेकानंद नर्सिंग सेंटर में भर्ती करा दिया। युवक एक रात अपने घर में रुके हैं। उनके परिवार के लोगों को क्वारंटीन कर दिया है।

सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि कर्मियों की बड़ी चूक सामने आई है। इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक ही नाम के पॉजिटिव और निगेटिव युवक भी क्वांरटीन सेंटर में थे।

कर्मचारियों की लापरवाही से निगेटिव युवकों को वहीं रोककर पॉजिटिव को घर भेज दिया। सीएमओ ने बताया कि दोनों युवकों के परिवार के क्वारंटीन लोगों के सैंपल भी कराए जाएंगे।

डॉ गर्ग ने बताया कि क्वारंटीन सेंटर में चार युवकों में दो-दो युवकों के नाम एक थे। चारों युवकों के कोरोना के सैंपल हुए थे। इनमें दो युवकों की रिपोर्ट पॉजिटिव और दो युवकों की निगेटिव आई।

कर्मियों की लापरवाही से निगेटिव युवकों को रोककर पॉजिटिव मरीजों को क्वारंटीन सेंटर से घर भेज दिया। पॉजिटिव दोनों मरीजों को अब विवेकानंद नर्सिंग सेंटर में भर्ती कराया गया है।

नेशनल

प्रियंका गांधी ने सहारनपुर में किया रोड शो, कहा- मोदी सत्ता को पूजते हैं सत्य को नहीं

Published

on

Loading

सहारनपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव के तहत सहारनपुर में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि इस देश ने सत्ता को नहीं सत्य को पूजा है और मोदी सत्ता को पूजते हैं सत्य को नहीं। रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने रामनवमी पर कहा कि भगवान राम ने भी सत्य की लड़ाई लड़ी थी। जब उनके सामने रावण युद्ध करने के लिए आया तो सारी शक्ति रावण के पास थी, लेकिन भगवान राम ने नौ व्रत रखकर सारी शक्ति अपने पास ले ली थी। इसके बाद रावण से युद्ध किया और सत्य की जीत हुई।

यह रोड शो कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार इमरान मसूद के समर्थन में आयोजित किया गया था। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं हर जगह यही कह रही हूं कि ये चुनाव जनता का होना चाहिए, जनता के मुद्दों पर होना चाहिए। मोदी जी और बीजेपी के नेता बेरोजगारी, महंगाई, किसानों, महिलाओं की बात नहीं कर रहे हैं। जो असली समस्याएं महिलाओं-किसानों की है, उनके बारे में बात ही नहीं हो रही है। बात इधर उधर की ध्यान भटकाने की हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि जो सत्ता में बैठे हैं, वह माता शक्ति और सत्य के उपासक नहीं हैं, ‘सत्ता’ के उपासक हैं। वो सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर जाएंगे। सत्ता के लिए सरकारें गिरा देंगे, विधायकों को खरीदेंगे, अमीरों को देश की संपत्ति दे देंगे। यह हमारे देश की परंपरा नहीं है। भगवान श्रीराम ‘सत्ता’ के लिए नहीं, ‘सत्य’ के लिए लड़े। इसलिए हम उनकी पूजा करते हैं। आज रामनवमी का शुभ दिन है, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। वाल्मीकि रामायण में लिखा है कि जब भगवान राम युद्ध भूमि में उतरे तो देखा कि माता की शक्तियां रावण के पास थीं। जिसके बाद उन्होंने नौ दिनों तक माता की आराधना की और 108 नील कमल मां के चरणों में अर्पण किए।

उन्होंने कहा कि जिसके बाद माता ने उनकी परीक्षा लेने को सोची और 108वां कमल छिपा दिया। लेकिन, भगवान राम के पास श्रद्धा की शक्ति थी, उन्हें याद आया कि उनकी मां उन्हें बचपन में ‘राजीव लोचन’ कहती थीं। यह बात याद आते ही भगवान राम अपने नयन निकालने ही जा रहे थे, तभी माता ने उन्हें रोकते हुए कहा कि मैं तुम्हारी श्रद्धा से प्रसन्न हुई। मेरी शक्ति तुम्हारे साथ है। हम भगवान राम को इसलिए पूजते हैं, क्योंकि उन्होंने सच्ची श्रद्धा के साथ यह लड़ाई लड़ी और जनता को सर्वोपरि रखा। जनता पर अन्याय करने वाली भाजपा की विदाई तय है।

Continue Reading

Trending