छह लाख आय वालों को लगेगा झटका
टैग:
Friday, Apr 27 2012 10:32PM IST

नई दिल्ली। सालाना 6 लाख रूपये से ज्यादा आमदनी वालों के लिए एक बुरी खबर है। यदि संसद की एक समिति की बात मान ली जाती है, तो उनको तगड़ा झटका लग सकता है। उन्हे जल्द ही सब्सिडी रहित रसोई गैस खरीदनी होगी।
गौरतलब है कि संसद की एक समिति ने 6 लाख रुपये वार्षिक से अधिक आय वाले वर्ग को रसोई गैस के सिलेंडर पर दी जाने वाली सब्सिडी तत्काल बंद करने की सिफारिश की है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार घरेलू इस्तेमाल के लिये आपूर्ति किये जाने वाले रसोई गैस सिलेंडर का खुदरा लागत 996 रूपये है जबकि उसे करीब 400 रूपये की कीमत पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाता है जिससे हर सिलेंडर पर करीब 570 रूपये का आपूर्तिकर्ता कंपनी को नुकसान होता है।
मंत्रालय से संबद्ध संसद की स्थायी समिति ने संसद में आज पेश अपनी रिपोर्ट में कहा है कि धनी और संपन्न वर्गों को सब्सिडी प्राप्त करने वाले लाभार्थियों की सूची से हटा देना चाहिये।
मंत्रालय ने समिति को बताया कि सरकार उसकी सिफारिश पर विचार कर रही है जिस पर समिति ने इस सिफारिश पर यथाशीघ्र कार्रवाई करने को कहा है जिससे तेल कंपनियों को होने वाले नुकसान में काफी कमी आयेगी।