मकर संक्रांति कल, श्रीजी प्रभु का सज गया दरबार
टैग:
Saturday, Jan 14 2012 12:48PM IST

मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी यानी रविवार को मनाया जाएगा।
पंडितों के अनुसार सूर्योदय से लेकर दोपहर 1.02 बजे तक पुण्यकाल रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु स्नान कर तिल, खिचड़ी, गुड़ आदि का दान कर सकेंगे।
इस दिन सूर्य सुबह 6.42 बजे धनु से मकर राशि में प्रवेश करेगा तथा दक्षिणायन से उत्तरायण भी हो जाएगा। इसके साथ ही स्नान सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे।
माघ माह में संक्रांति का पर्व होने के कारण अच्छी फसल व आम लोगों में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होगी। पुण्य काल के दौरान तिल का लेपन कर स्नान करना शुभ माना गया है।
श्रीजी प्रभु के द्वार गिल्ली डंडा खेलने जाएंगे श्रद्धालु
श्रीजी प्रभु को श्रृंगार कराए जाएंगे। मंदिर में प्रभु के समक्ष सुखपाल के अंदर गेंद रखी जाएंगी। वहीं नगरवासी बिच्छू मंगरी स्थित चित्रकूट आश्रम पर गिल्ली डंडा खेलने जमा होंगे।
चित्रकूट आश्रम से जुड़े पार्षद भरत बागोरा ने बताया कि नगरवासी सभी पर्व, त्यौहार श्रीनाथजी के पंचांग के अनुसार मनाते हैं।
इस दिन चित्रकूट हनुमान मंदिर पर भजन संध्या तथा पूजा, आरती एवं प्रसाद का वितरण होगा। इधर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को ही मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा।