बिहार में नाव डूबी, सात महिलाओं की मौत
टैग:
Saturday, Apr 28 2012 2:10PM IST
नवादा। बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के जलाशय में शनिवार को एक नाव के डूबने से सात महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग तैरकर जान बचाने में सफल रहे।
नवादा के पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र लाल दास ने बताया कि एक शादी समारोह में शामिल होने आये कुछ लोग सुबह फुलवरिया बांध के जलाशय में नाव पर सवार होकर फोटो खिंचवा रहे थे। इसी क्रम में नाव डूब गई।
उन्होंने बताया कि नाव पर कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें से सात महिलाएं डूब गई, जबकि बाकी के लोग तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे।
उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से सभी शवों को निकाल लिया गया है तथा उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। हादसे के शिकार लोग रजौली के निवासी बताए जा रहे हैं।