क्वार्टरफाइनल में शारापोवा
टैग:
Thursday, Apr 26 2012 6:33PM IST

बर्लिन। रूस की मारिया शारापोवा ने स्टटगार्ट ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
दुनिया के दूसरे नंबर की खिलाड़ी और तीन बार की ग्रैंड स्लेम विजेता शारापोवा को बुधवार को फ्रांस की एलिज कार्नेट के कंधे की चोट के कारण दूसरे दौर का मुकाबला बीच में ही छोड़ने से अंतिम आठ का टिकट मिल गया। उस समय रूसी खिलाड़ी ने पहला सेट 6-3 से जीतने के बाद दूसरे सेट में भी 1-0 की बढ़त बना ली थी।
चौथी सीड पोलैंड की एग्निस्जका रदवांस्का ने हंगरी की ग्रेटा आर्न को लगातार सेटों में 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। इस बीच दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और छठी सीड डेनमार्क की कैरोलाइन वोज्नियाकी, उजबेकिस्तान की अक्गुल अमनमूरादोवा और जर्मनी की मोना बार्थेल ने दूसरे दौर में जगह बना ली।
वोज्नियाकी के खिलाफ सर्बिया की एलेना यांकोविच 3-6 0-1 से पिछड़ने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर हो गई जबकि अमनमूरादोवा ने स्लोवाकिया की डोमिनिका चिबुलकोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से हराकर उलटफेर किया। इसी तरह बार्थेल ने सर्बिया की एना इवानोविच को 7-5, 7-6 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।