दफ्न होने के लिए दंपति ने खरीदा पूरा आइलैंड!
टैग:
Monday, Apr 23 2012 10:01PM IST

लंदन। ब्रिटेन के एक दंपती ने अपने जीते जी अपनी मौत के बाद आराम फरमाने का ठिकाना ढूंढ लिया है। उन्होंने दफ्न होने के लिए एक समूचा द्वीप ही खरीद लिया है।
डेली मेल ने बताया कि हर्टफोर्डशायर स्थित बीचवुड पार्क बोर्डिंग स्कूल में सूचना प्रसारण प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख पीयर्स कैसीमीर म्रौकजिंस्की (50) ने आइसले टापू के पास मैकेंजी आइलैंड नामक छोटा द्वीप खरीदा है ताकि उन्हें और उनकी पत्नी को मरने के बाद वहां दफ्न किया जा सके। उन्होंने इसे खरीदने के लिये 55 हजार पाउंड यानी 88 हजार डालर से अधिक की रकम खर्च की है।
म्रौकजिंस्की ने बताया कि उन्हें तीन साल पहले पता चला कि वह अपेंडिक्स के कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि उसी समय उनके दिमाग में यह विचार आया कि कोई ऐसी जगह होनी चाहिए जहां वह अपनी पाओलिन के साथ सुकून से दफ्न हो सकें। यह द्वीप फिलहाल निर्जन है।
उन्होंने बताया कि वह काफी मुश्किल समय था जब मैं इलाज के दौरान लगातार अपनी मौत के बारे में सोचता रहता था। मैं यह भी सोचता था कि अपनी मौत के बाद मैं कहां दफ्न होना चाहता हूं। उसी समय मैंने यह तय किया कि यह द्वीप मेरे और मेरी पत्नी के अंतिम गंतव्य के तौर पर सबसे बेहतर जगह होगी।
गौरतलब है कि म्रौकजिंस्की ने अब तक इस द्वीप को केवल तस्वीरों और नक्शों में ही देखा है। वह खुद कभी यहां नहीं गए।
उन्होंने बताया कि उन्हें समुद्र बेहद पसंद है और यह जगह समुद्र के काफी करीब होने के कारण बहुत खूबसूरत है। उन्होंने बताया कि उन्हें जैसे ही यह पता चला कि यह द्वीप आइसले से सटा हुआ है, उन्होंने तुरंत इसे खरीदने का मन बना लिया।