Connect with us
https://www.aajkikhabar.com/wp-content/uploads/2020/12/Digital-Strip-Ad-1.jpg

खेल-कूद

रांची टेस्ट में पुजारा चमके, भारत 91 रन पीछे

Published

on

Loading

रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को चेतेश्वर पुजारा छाए रहे। उन्होंने अपनी नाबाद 130 रनों की जुझारू पारी के दम पर भारत को आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बनाए रखा है। आस्ट्रेलिया के 451 रनों के विशाल स्कोर के सामने भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट खोकर 360 रन बना लिए हैं। हालांकि भारत अभी भी पहली पारी के आधार पर आस्ट्रेलिया से 91 रन पीछे है।

स्टम्प्स तक पुजारा के साथ रिद्धिमान साहा 18 रन पर नाबाद लौटे। पुजारा के अलावा लोकेश राहुल (67) और मुरली विजय (82) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।

भारत ने दिन की शुरुआत अच्छी की और पहले सत्र में विजय के रूप में एकमात्र विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े। विजय का विकेट गिरते ही भोजनकाल घोषित कर दिया गया। इसके बाद कमिंस ने दूसरे सत्र में भारतीय कप्तान विराट कोहली (6) और अंजिक्य रहाणे (14) और तीसरे सत्र में रविचंद्रन अश्विन (3) का विकेट चटकाकर, जबकि जोस हाजलेवुड ने तीसरे सत्र में ही करुण नायर (23) को पवेलियन लौटा भारत के संघर्ष की धार थोड़ी कुंद जरूर की।

लेकिन एक छोर संभाले खड़े पुजारा पर न कमिंस, हाजलेवुड की तेज गेंदों का असर हुआ न ही नाथन लॉयन और स्टीव ओकीफ की फिरकी का। वह दिन का खेल खत्म होने तक मेहमानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर डटे रहे। तीसरे सत्र में दो विकेट गिरने के बाद भारत मुश्किल में नजर आने लगा था तथा एक और विकेट उसे गहरे संकट में डाल सकता था, लेकिन साहा ने पुजारा का साथ दिया और भारत को बैकफुट पर जाने से रोका।

दोनों के बीच अब तक 32 रनों की साझेदारी हो चुकी है। तीसरे सत्र में भारतीय बल्लेबाजों ने बिना किसी जोखिम के बल्लेबाजी की और महज 57 रन जोड़े।

भोजनकाल तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए थे। दूसरे सत्र में मेजबानों ने 110 रन और जोड़े।

भोजनकाल के बाद खेलने उतरी मेजबान टीम को कप्तान कोहली से काफी उम्मीदें थीं। फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के बाद विराट मैदान से दूर थे। बल्लेबाजी करने आए कप्तान ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। वह ओकीफी की गेंद पर ड्राइव करने गए लेकिन गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर दूसरे स्लिप में गई जहां आस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा।

रहाणे लय पकडऩे की कोशिश कर रहे थे तभी कमिंस की बाउंस को भांपने में गलती कर बैठे और खराब शॉट खेलकर विकेट के पीछे मैथ्यू वेड के हाथों लपके गए।

इसके बाद नायर ने क्रीज पर कदम रखा। दूसरे छोर पर खड़े पुजारा ने 94वें ओवर की चौथी गेंद पर कमिंस पर चौका मार अपना शतक पूरा किया। यह इस श्रृंखला में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया पहला शतक है।

आस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस ने चार विकेट लिए हैं जबकि स्टीव ओकीफ और जोस हाजलेवुड को एक-एक सफलता मिली है।

इससे पहले अपने पहले दिन के स्कोर एक विकेट पर 120 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम ने शनिवार को पहले सत्र में एक विकेट खोकर अपने खाते में 73 रन जोड़े।

पहले दिन राहुल के आउट होने के बाद भारत को अच्छी स्थिति में पहुंचाने वाली विजय और पुजारा की जोड़ी ने इस सत्र में भी अच्छी बल्लेबाजी की। अपने करियर का 50वां टेस्ट मैच खेल रहे विजय ने 50वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना 15वां अर्धशतक पूरा किया। शतक की ओर बढ़ रहे विजय ने ओकीफी की गेंद पर आगे बढक़र मारने का प्रयास किया, लेकिन चूक गए और वेड ने उन्हें स्टम्पिंग करने में कोई गलती नहीं की।

183 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्का लगाने वाले विजय ने पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी की। विजय 193 के कुल योग पर आउट हुए और इसके साथ ही भोजनकाल की घोषणा कर दी गई।

विजय और पुजारा की जोड़ी की 2016-17 सत्र में छठी शतकीय साझेदारी है। वह ऐसा करने वाली विश्व की दूसरी जोड़ी बन गए। इससे पहले, एक सत्र में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड आस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन और रिकी पोंटिंग के नाम है, जिन्होंने 2005-06 सत्र में सबसे अधिक सात शतकीय साझेदारियां की थीं।

इसके अलावा, राहुल और पुजारा की जोड़ी एक पूरे सत्र में भारत के लिए सबसे अधिक रनों की साझेदारी करने वाली दूसरी जोड़ी भी बन गई। उन्होंने 2016-17 सत्र में 10 पारियों में 954 रन बनाए हैं। इस सूची में पहला नाम राहुल द्रविड़ और गौतम गंभीर की जोड़ी का है।

राहुल और गौतम ने 2008-09 सत्र में भारत के लिए 14 पारियों में 961 रनों की साझेदारी की थी।

खेल-कूद

आईपीएल से पहले अयोध्या पहुंचे दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर केशव महाराज, राम लला के किए दर्शन

Published

on

Loading

अयोध्या। आईपीएल शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर केशव महाराज अयोध्या पहुंचे और उन्होंने राम लला के दर्शन किए। उन्होंने अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। IPL 2024 में महाराज लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों की मदद करते नजर आएंगे और पूरे सीजन टीम के साथ रहेंगे। केशव महाराज काफी धार्मिक क्रिकेटर हैं। उन्होंने राम मंदिर में दर्शन के बाद इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। तस्वीर के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, “जय श्री राम, सभी को आशीर्वाद।”

इस साल की शुरुआत में ही केशव महाराज में राम मंदिर के दर्शन की इच्छा जताई थी। SA20 में वह लखनऊ सुपर जाइंट्स की सिस्टर फ्रेंचाइजी डरबन सुपर जाइंट्स का हिस्सा हैं। अक्सर देखा गया है कि महाराज जब मैदान पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं तो ‘राम सिया राम’ भजन प्ले किया जाता है। इस पर महाराज ने बताया था कि इससे उनका ध्यान क्रेंद्रित होता है।

महाराज ने कहा था, “भगवान में मेरी आस्था बहुत दृढ़ है। मैं हमेशा मानता हूं कि भगवान ने मुझे दृष्टिकोण और मार्गदर्शन दिया है और मुझे उस स्थिति में रखा है जहां मैं आज हूं। मैं हमेशा आभारी हूं और धन्यवाद देता हूं। मैं भगवान हनुमान और भगवान राम का भक्त हूं।”

Continue Reading

Trending